NOW HINDUSTAN. कोरबा। शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में एडिशनल एसपी रामगोपाल करियारे ने शहर के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण कर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित किया। इन स्थानों पर हादसों की आशंका कम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान ब्लैक स्पॉट पर सीसीटीवी कैमरे और गति निर्धारण यंत्रों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने की योजना बनाई गई। इसके साथ ही संबंधित विभागों से समन्वय कर सड़क सुरक्षा से जुड़े सुधार कार्य कराए जाएंगे। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रिफ्लेक्टर लगाने, सड़क किनारे पेड़ों की टहनियों की छंटाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और अतिक्रमण हटाने जैसे उपाय किए जाएंगे।
इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार रोड स्टड, डबल स्ट्रिप, ट्रैफिक आइलैंड और संकेतक बोर्ड लगाने के लिए भी स्थानों का चिन्हांकन किया गया है। पुलिस का उद्देश्य दुर्घटनाओं के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से सुरक्षा इंतजाम मजबूत कर सड़क हादसों की आशंका को कम करना है।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और लापरवाही से बचने की अपील की है।
