NOW HINDUSTAN. कोरबा-डीएम इंडिया न्यूज़। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन के सहयोग से विकासखंड कोरबा स्तरीय खेल महोत्सव 2026 का आयोजन विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, कोरबा में किया गया। आयोजन में विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 350 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेल महोत्सव का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करना रहा।

महोत्सव में गिल्ली डंडा, संखली, कबड्डी, लंगड़ी दौड़, खो-खो, रस्साकसी, फुगड़ी, भंवरा, गेड़ी, रस्सी कूद और कुश्ती सहित 11 खेल विधाओं को शामिल किया गया। प्रतियोगिताएं 9 से 14 वर्ष, 14 से 19 वर्ष तथा 19 से 40 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए आयोजित की गईं।
खेल गतिविधियों का संचालन 15 व्यायाम अनुदेशकों की टीम ने किया। विकासखंड क्रीड़ा प्रभारी सविता डंसेना सहित उनकी टीम, ईआरसी, एबीओ और सीएसी के सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
महोत्सव में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। गिल्ली डंडा और भंवरा जैसे पारंपरिक खेलों में सहभागिता ने नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की खेल संस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया। आयोजन के समापन पर जिला प्रशासन, खेल विभाग और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
