NOW HINDUSTAN. कोरबा। जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लालपुर एवं पाथा में मितानिन दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और जनजागरूकता के लिए समर्पित मितानिनों को साड़ी एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि मितानिन ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सीमित संसाधनों के बीच मितानिन गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य सेवाओं से लोगों को जोड़ने का कार्य करती हैं।
सम्मान समारोह में ग्राम पंचायत लालपुर के सरपंच भोला गोस्वामी, ग्राम पंचायत पाथा के सरपंच धनेश्वर ओरेकेरा, सुखसाय माझवार, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से मितानिनों के सेवाभाव, समर्पण और ग्रामीण स्वास्थ्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
