NOW HINDUSTAN. Bihar राजापाकर (वैशाली)। संयुक्त बिहार नागरिक मोर्चा एवं लोहिया विचार मंच की ओर से एसआईआर, कथित वोट चोरी, चुनावी गड़बड़ी और पेपर लीक के खिलाफ जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बरांटी थाना क्षेत्र के अक्षयवट राय चौक, बहुआरा चौक और दयालपुर चौक सहित विभिन्न स्थानों पर मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्चे वितरित कर लोगों को जागरूक किया।
अभियान के दौरान वक्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई। एसआईआर के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर चिंता जताते हुए इसे नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय बताया।
वक्ताओं ने पेपर लीक की घटनाओं पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि पेपर लीक और धनबल के कारण गरीब एवं सामान्य परिवारों के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। शिक्षा, परीक्षा और रोजगार की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बताते हुए स्कूलों की तालाबंदी, कोचिंग संस्थानों की कथित लूट और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए गए।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘हर हाथ को काम दो, हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार दो’, ‘बंद करो स्कूलों की तालाबंदी’ और ‘शिक्षा, परीक्षा और रोजगार बचाना होगा’ जैसे नारों के माध्यम से आम लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।
इस मौके पर लोहिया विचार मंच के सुनील कुमार, अधिवक्ता विजेंद्र कुमार, सुरेश प्रसाद सिंह, राजेश कुमार, डॉ. रंजीत कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
