NOW HINDUSTAN. कोरबा। व्हाट्सएप और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए महिला एवं उसके परिजनों को अश्लील संदेश और आपत्तिजनक फोटो भेजकर परेशान करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने आरोपी को बलौदाबाजार जिले से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 704/2026 के तहत धारा 79, 296 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 67 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी पति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से महिला और उसके परिजनों को लगातार आपत्तिजनक संदेश भेजकर प्रताड़ित किया जा रहा था।
मामले की जांच सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र, थाना सिविल लाइन की टीम को सौंपी गई। साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबरों की सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसके आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खोरसीनाला, पनगांव, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में दबिश देकर आरोपी अश्थेश्वर रात्रे (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रेडमी मोबाइल फोन तथा व्हाट्सएप चैट और इंस्टाग्राम संदेशों से संबंधित स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को अश्लील संदेश भेजने, धमकी देने या उनकी छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ तत्काल शिकायत करें। ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
