1350 रुपये नकद के साथ सट्टा-पट्टी, डायरी, रजिस्टर और मोबाइल से मिले स्क्रीन शॉट जब्त
NOW HINDUSTAN. कोरबा शहर में अवैध सट्टे के कारोबार करने के आरोप में कार्यवाही करते हुए कोतवाली पुलिस ने पुराना बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सात कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1350 रुपये नकद के अलावा सट्टा-पट्टी लिखने में इस्तेमाल की जाने वाली डायरी, रजिस्टर, कॉपियां, पेन और मोबाइल में मौजूद सट्टे से संबंधित स्क्रीनशॉट सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध सट्टा-जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में 25 नवंबर को पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पुराना बस स्टैंड एवं आसपास के इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान कथित तौर पर सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध सट्टा खिलाते हुए सात लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस ने सभी के कब्जे से कुल 1350 रुपये नकद, सट्टा-पट्टी लिखी डायरी, रजिस्टर, कॉपियां, पेन तथा मोबाइल फोन में सट्टे से संबंधित स्क्रीनशॉट सहित अन्य सामग्री जब्त की है। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
