NOW HINDUSTAN. कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में स्थापित और संचालित अड़ानी पावर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करने के मामले में उरगा पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए कथित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार कथित आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे अड़ानी पावर प्लांट के सिक्योरिटी ऑफिसर ने कथित आरोपी को प्लांट परिसर से कॉपर केबल चोरी कर ले जाने का प्रयास करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने थाना उरगा में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया और प्रार्थी सहित गवाहों के बयान दर्ज किए।
पूछताछ के दौरान कथित आरोपी ने चोरी के केबल को अड़ानी पावर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के पास छिपाकर रखना बताया। उसकी निशानदेही पर वहां रखे काले रंग के बैग से करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने कथित आरोपी निवासी रेलवे क्रॉसिंग, भैंसमा रोड, थाना उरगा, जिला कोरबा को 25 नवंबर को गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
