NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर के पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव के नेतृत्व में घंटाघर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि भारत का संविधान विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का आधार है। यह देशवासियों को स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व के आदर्श प्रदान करता है। डॉ. अंबेडकर ने समाज को समानता और न्याय के साथ जीवन जीने का मार्ग दिखाया तथा शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो का संदेश दिया।
सांसद प्रतिनिधि एवं आदिवासी शक्तिपीठ के संरक्षक मोहन सिंह प्रधान ने कहा कि संविधान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के साथ विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करता है। वहीं अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, पार्षद गीता गभेल, डॉ. रामगोपाल कुर्रे, ब्लॉक अध्यक्ष एडी जोशी, पूर्व एल्डरमेन मनीराम साहू, पूर्व पार्षद प्रदीप जायसवाल, डॉ. रामगोपाल यादव, मंडल अध्यक्ष इकबाल कुरैशी, रवि खुंटे, ममता अग्रवाल, मनहरण राठौर, संतोष यादव, अगहन बाई, डॉ. डीआर नेताम, निर्मल राज, सुनील निर्मलकर, सीमा कुर्रे, पुष्पा पात्रे, बली चौहान, त्रिवेणी मिरी, रामकुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
