NOW HINDUSTAN | कोरबा। गोढ़ी-पंडरीपानी राखड़ डेम से राखड़ परिवहन में अनियमितता की शिकायत की जांच के दौरान अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग का मामला सामने आया है। इस पर जिला प्रशासन की संयुक्त जांच टीम ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह (डीएसपीएम), कोरबा पूर्व पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये का पर्यावरणीय अर्थदंड लगाया है।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जिला परिवहन अधिकारी और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की संयुक्त टीम ने जांच में पाया कि ग्राम बोईदा में राखड़ भराव के लिए स्वीकृत स्थल पर वास्तविक रूप से राखड़ नहीं डाली गई थी। संयंत्र प्रबंधन की जानकारी के अनुसार ऐश डाइक से उक्त स्थल तक 43 ट्रिप राखड़ परिवहन किया गया था, लेकिन मौके पर निरीक्षण में भराव नहीं मिला।
इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए 1277 टन राखड़ की मात्रा के आधार पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति निर्धारित की गई। क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में अवैध फ्लाई ऐश परिवहन और डंपिंग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई की जाएगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी।
