NOW HINDUSTAN. कोरबा। डिंगापुर स्थित उमंग 50 सीटर दिव्यांग विद्यालय सह छात्रावास में दिव्यांग बच्चों से कथित तौर पर अधीक्षिका की निजी स्कूटी धुलवाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल होने के बाद समाज कल्याण विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षिका को कार्यालय तलब किया और नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
वायरल वीडियो में एक दिव्यांग बालक स्कूटी धोता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में विद्यालय की यूनिफॉर्म पहने दो बालक स्कूटी की सफाई करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि छात्रावास में बच्चों से लगभग रोजाना स्कूटी धुलवाई जाती थी। हालांकि, वायरल वीडियो और आरोपों की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है।
मामले में अधीक्षिका ने अपना पक्ष रखते हुए स्कूटी धुलाई और वीडियो वायरल होने के पीछे कुछ कर्मचारियों की कथित साजिश होने की बात कही है। विभाग ने उनका पक्ष सुनने के बाद नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
गौरतलब है कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, आवास, देखभाल और सुरक्षा के उद्देश्य से इस छात्रावास का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में बच्चों से निजी कार्य कराए जाने के आरोप ने संस्था की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब विभागीय जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
