NOW HINDUSTAN कोरबा। शहर के सौंदर्यीकरण के लिए लगाई गई डेकोरेटिव लाइटों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। कोसाबाड़ी शास्त्री चौक से तानसेन चौक मार्ग पर स्थापित 19 आकर्षक एलईडी लाइटें चोरी हो गईं। चोरी गई लाइटों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा जून माह में सौंदर्यीकरण कार्य के तहत रेशम विभाग कार्यालय एवं जिला पंचायत कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने सड़क किनारे तीन मीटर ऊंचे 19 डेकोरेटिव पोल लगाए गए थे। इन पर गोलाकार आकृति की वार्म व्हाइट एलईडी लाइटें स्थापित की गई थीं। इन लाइटों से मार्ग की सुंदरता के साथ रात में रोशनी की व्यवस्था भी बेहतर हुई थी।
हाल ही में स्थल निरीक्षण के दौरान सभी 19 लाइटें गायब मिलीं। प्रथम दृष्टया अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सुनियोजित तरीके से चोरी किए जाने की आशंका जताई गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए निगम ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को पत्र सौंपकर घटना की जांच, आरोपियों की पहचान और चोरी गई लाइटों की बरामदगी की मांग की है।
