NOW HINDUSTAN. बालको के परसा भाठा में सड़क चौड़ीकरण को लेकर विरोध शुरू हो गया है। सड़क निर्माण से प्रभावित होने वाले लोग शनिवार को अपनी समस्याएं लेकर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के पास पहुंचे। पूर्व मंत्री ने प्रभावितों को उनकी मांगों पर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
दरअसल, बालको के परसा भाठा में हनुमान मंदिर से टाटा शोरूम तक फोरलेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से सड़क चौड़ीकरण को लेकर नापजोख और प्रारंभिक कार्रवाई शुरू की गई है। इस प्रक्रिया का स्थानीय प्रभावित लोगों ने विरोध किया है।
शनिवार को बड़ी संख्या में परसा भाठा के रहवासी पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से मिले और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। लोगों ने सड़क चौड़ीकरण से होने वाले नुकसान और अपनी चिंताओं को सामने रखा। इस पर पूर्व मंत्री ने उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
वहीं, प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्हें
किसी तरह का मुआवजा नहीं चाहिए, बल्कि सड़क की चौड़ाई कम करके भी निर्माण कराया जा सकता है। उनका सुझाव है कि स्थानीय लोगों के मकानों और दुकानों को प्रभावित किए बिना सड़क निर्माण की योजना बनाई जाए। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन प्रभावितों की मांगों पर क्या निर्णय लेता है।
