NOW HINDUSTAN | Korba रायपुर, आजादी के 79 वर्ष बाद भी बस्तर संभाग के कई गांव बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। अब इन गांवों को ग्रिड से बिजली पहुंचाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। केंद्र सरकार के आदिम जाति कल्याण विभाग ने विद्युतीकरण के लिए 435 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। शेष राशि राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह और ऊर्जा सचिव सारांश मित्तर के दिशा-निर्देश में योजना पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने बताया कि बस्तर के दूरस्थ गांवों तक ग्रिड के माध्यम से निर्बाध बिजली पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
योजना के तहत सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले के बिजली विहीन गांवों को शामिल किया गया है। बीजापुर के मेटापाल, चोकखनपाल, पदमूर, कोरमेटा, हल्लूर, मल्लेपल्ली, बेलामलेंद्र और गुंजाकोंटा सहित सुकमा के ताड़मेटला, तेतराई, तुमलपाड़-2, करिगंडम, सिंगारम, मोसलमडगु-2, कोसामपाड़, पालेकाटी और दुर्मा में विद्युतीकरण किया जाएगा। दंतेवाड़ा के लावा और नारायणपुर के वाकुड गांव भी इसमें शामिल हैं।
कंपनी ने नौ कार्यों के लिए लगभग 13 करोड़ 68 लाख रुपये की निविदा जारी की है। 23 नवंबर को जारी निविदा के अनुसार आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
161 गांवों के लिए जल्द जारी होंगे टेंडर
प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर के अनुसार, शेष 161 गांवों में विद्युतीकरण के लिए भी जल्द निविदा जारी की जाएगी। वहीं, 50 गांव टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आते हैं। इन गांवों में माइक्रो ग्रिड के माध्यम से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की योजना है।
बस्तर के दूरस्थ गांवों में बिजली पहुंचने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और संचार जैसी सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। दशकों से बिजली का इंतजार कर रहे ग्रामीण परिवारों के लिए यह पहल विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
