चार महीने पुराने मामले में बलौदा पुलिस की कार्रवाई, पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का पुलिस का दावा
NOW HINDUSTAN. Korba. जांजगीर-चांपा। घरेलू विवाद के दौरान पत्नी पर खौलता हुआ गर्म तेल डालकर गंभीर रूप से झुलसाने के मामले में बलौदा पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिरजू दिवाकर (46 वर्ष), निवासी नवगवां, थाना बलौदा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 4 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। पीड़िता अपने घर में पूड़ी तल रही थी। इसी दौरान उसका पति बिरजू दिवाकर पीछे से आया और चूल्हे पर रखी खौलते तेल की कढ़ाई उठाकर उसके ऊपर उड़ेल दी। इससे महिला का चेहरा और शरीर गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद छुट्टी मिलने पर पीड़िता ने थाना बलौदा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 589/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(2) और 85 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। महिला के साथ हुई गंभीर घटना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शामेश देव एवं आरक्षक लखेश विश्वकर्मा का सराहनीय योगदान रहा।
