
बैंकॉक में नौकरी और मोटी सैलरी का दिया था लालच, KK Park में पासपोर्ट जब्त कर ऑनलाइन ठगी कराने का आरोप
NOW HINDUSTAN. कोरबा। विदेश में आकर्षक नौकरी और मोटी तनख्वाह का सपना दिखाकर युवतियों को अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के जाल में फंसाने का मामला सामने आया है। कोरबा की एक युवती को बैंकॉक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर म्यांमार के कुख्यात KK Park पहुंचा दिया गया। वहां उसका पासपोर्ट जब्त कर उसे बंधक बना लिया गया और कथित तौर पर ऑनलाइन साइबर ठगी करने के लिए मजबूर किया गया।
मामले के अनुसार, युवती को विदेश में अच्छी नौकरी और आकर्षक वेतन का भरोसा दिलाकर विदेश भेजा गया था। लेकिन बैंकॉक में नौकरी मिलने के बजाय उसे म्यांमार के KK Park ले जाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। युवती की परेशानी की जानकारी सामने आने के बाद भारतीय दूतावास की मदद से उसकी सुरक्षित वतन वापसी कराई गई।
इस मामले में कोरबा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी 35 वर्षीय महिला स्नेहा भथलाल बडोले को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक ने बताया कि मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी के नाम पर मिलने वाले आकर्षक ऑफरों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। किसी भी विदेशी नौकरी के प्रस्ताव को स्वीकार करने से पहले संबंधित कंपनी, एजेंट, वीजा और नियुक्ति प्रक्रिया की पूरी जांच अवश्य करें।
पुलिस की अपील: विदेश में नौकरी के नाम पर अनजान एजेंटों को पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज सौंपने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




