झुंड से अलग हुआ लोनर हाथी जिल्गा के जंगल में कर रहा विचरण , वन विभाग की टीम ग्रामीणों को कर रही सतर्क…..

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

NOW HINDUSTAN korba मांड नदी को पार कर पहुंचे 31 हाथियों के झुंड ने कुदमुरा वन परिक्षेत्र में डेरा डाल दिया है। इस झुंड से अलग एक लोनर हाथी जिल्गा के जंगल में विचरण कर रहा है। हाथियों के कारण किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो, इसे लेकर वन अमला सतर्क हो गया हैं। वन विभाग की टीम हाथियों पर नजर रखी हुई है। गांव में मुनादी कराते हुए ग्रामीणों को एहतियात बरतने हिदायत दी जा रही है। जिले में हाथी की समस्या आम हो गई है। यह समस्या कोरबा व कटघोरा दोनों ही वनमंडल में है। जहां कटघोरा वनमंडल में लंबे समय से हाथियों ने डेरा डाला हुआ है, वहीं कोरबा वनमंडल में पूर्व की अपेक्षा हाथियों की आमदरफ्त कम हुई है। कोरबा वनमंडल का सीमा धरमजयगढ़ से सटा हुआ है। जहां विचरण करने वाले हाथी मांड नदी को पार कर कुदमुरा व पसरखेत रेंज में शामिल गांव तक पहुंच जाते हैं।

- Advertisement -

एक बार फिर मांड नदी को पार कर 31 हाथियों का झुंड कोरबा वनमंडल के कुदमुरा रेंज में पहुंच गया है। इसमें एक लोनर हाथी भी शामिल है, जो झुंड से अलग जिल्गा के आसपास जंगल में विचरण कर रहा है। लोनर आबादी वाले क्षेत्र में घुसकर उत्पात मचा सकता है। इसी तरह दूसरा झुंड भी खेत व बाड़ी में लगी फसल को निवाला बना सकते हैं। जिसे लेकर वन अमला सतर्क हैं।वनमंडलाधिकारी अरविंद पीएम के निर्देश पर वन कर्मियों की टीम हाथियों पर निगरानी रखी हुई है। खासकर लोनर पर नजर रखी जा रही है। उसके मूवमेंट से आला अफसरों को लगातार अवगत कराया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल बचाव के लिए उचित पहल की जा सके। ग्रामीणों को हिदायत दी जा रही है कि वे जंगल की ओर जाने से परहेज करें। यदि जंगल में जाते भी हैं, तो सुबह पौ फटने के बाद और शाम ढलने के पहले काम पूरा कर घर लौटें। गांव के बाहर अलाव जलाने कहा गया है। बहरहाल हाथियों के डेरा डालने से ग्रामीण दहशत में हैं।

कोरबा व कटघोरा दोनों ही वनमंडल के हाथियों का झुंड डेरा डाला हुआ है। जानकारों की मानें तो हाथी दिन के समय जंगल के भीतर विश्राम करते हैं। जिसकी जानकारी होने पर ग्रामीण हाथी देखने करीब जाने का प्रयास करते हैं। उनके द्वारा पत्थर या लकड़ी फेंका जाता है। ऐसा करना खतरनाक साबित हो सकता है। वन अफसरों ने अपील की है कि लोग हाथी से दूर रहें।

Share this Article