17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलाया जाएगा विशेष सेवा अभियान, कलेक्टर ने जनजातीय परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से लाभान्वित कराने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
- Advertisement -
NOW HINDUSTAN. Korba. बालोद,. भारत सरकार के द्वारा शुरू किए गए आदि कर्म योगी अभियान के अंतर्गत बालोद जिले के आदिवासी बहुल 186 गांवों में जनजातीय वर्ग के लोगों के कल्याण एवं विकास के लिए आदि कर्म योगी अभियान संचालित किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर बालोद जिले में आदि कर्म योगी अभियान के सफल आयोजन के तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत अनुसूचित जनजातियों के कल्याण एवं विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 10 जुलाई को आदि कर्म योगी अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक विशेष सेवा अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को इस दौरान जनजातीय परिवार के लोगों को मूलभूत सुविधाओं से लाभान्वित कराने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने बताया कि जिले में इस अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने हेतु अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा एव श्री नूतन कंवर सहित सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग श्री विजय सिंह कंवर के अलावा राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने “आदि कर्मयोगी अभियान” के आयोजन के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य जनजातीय अंचलों में सेवा, समर्पण और सुशासन की भावना के साथ शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जनजातीय परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत शामिल जिले के 186 गांव में से प्रत्येक गांवों में 20-20 वालंंिटयर तैयार किया जाएगा। श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को वालंटियर के रूप में गांव क पढ़े-लिखे एवं जानकार लोगों को शामिल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी वालंटियरों को समुचित प्रशिक्षण आदि प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने पात्रतानुसार जनजातीय परिवार के लोगों का राशन कार्ड एवं आधार कार्ड बनाने की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत जिले के चयनित सभी 186 गांवों में निवासरत जनजातीय परिवार के लोगों तक शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने हेतु सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इन गांवों को गोद भी लिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि जिले में आदि कर्म योगी अभियान के सफल संचालन हेतु स्वयं संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, युवा एवं सेवाभावी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इनके द्वारा जिले के 186 गांवों में आवास, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन तथा ग्राम विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य, जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक चयनित ग्राम में “आदि सेवा केंद्र” की स्थापना की जाएगी। जो शासकीय सेवाओं की प्रदायगी और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का केंद्र बनेगा। पूरे अभियान के दौरान ‘आदि सेवा केंद्र’ के माध्यम से ‘सेवा पर्व और ‘आदि कर्मयोगी सेवा अभियान का संचालन किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को इस कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।