NOW HINDUSTAN | कोरबा। कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आदतन सटोरिए को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (43 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती रानी रोड, कोरबा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है और सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
मोबाइल की जांच में श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे और कल्याण नामक ऑनलाइन साइटों पर सट्टा खेलने से संबंधित जानकारी और विभिन्न अंकों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिले। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल, सट्टा-पट्टी और नगद रकम जब्त की है। साथ ही उसके फोन-पे नंबर से सट्टे के लिए लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी मिलने की बात कही गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 968/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से सट्टा-जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने और इसकी जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल 112 पर देने की अपील की है।
