
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत के मार्गदर्शन में लोकसभा निर्वाचन 2024 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विगत चुनावों में जिन क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत कम रहा है, उन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में विशेष फोकस रखते हुए अभियान संचालित हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संबित मिश्रा एवं निगम आयुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के दिशा निर्देशन में नगर पालिक निगम कोरबा के कोसाबाड़ी जोनांतर्गत पोड़ीबहार बस्ती एवं रविशंकर नगर जोनांतर्गत कृष्णानगर बस्ती में मतदाता रैली का आयोजन किया गया तथा रैली के माध्यम से मतदाताओं को यह संदेश दिया गया कि वे अपने मताधिकार का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने उपस्थित मतदाताओं को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का संकल्प दिलाया तथा मतदाता शपथ ग्रहण कराई। उपस्थित लोगों ने शपथ लेते हुए कहा कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस मौके पर निगम के उपायुक्त बी.पी.त्रिवेदी, जोन एम.एन.सरकार एवं प्रकाश चन्द्रा, तपन तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी रावेन्द्र सिंह, राजस्व अधिकारी रघुराज सिंह, राजस्व निरीक्षक अजय अग्रवाल, सहायक अभियंता अनिरूद्ध शुक्ला, गोयल सिंह विमल, अरूण कुमार बघेल, रवि, सीताराम, किरण साहू आदि के साथ काफी संख्या में मतदातागण उपस्थित थे।
मतदान केन्द्र का निरीक्षण – अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने पूर्व माध्यमिक शाला पोड़ीबहार स्थित मतदान केन्द्र क्र. 137 एवं 138 का निरीक्षण किया तथा वहॉं की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान मतदान कक्षों की व्यवस्था, बाथरूम व शौचालय रूम, पानी की व्यवस्था, लाईट व्यवस्था, मतदाताओं हेतु छाया की व्यवस्था सहित अन्य विभिन्न व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।
- Advertisement -


