
NOW HINDUSTAN. Korba. रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बालको स्थित नेहरूनगर मुक्तिधाम व शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस अवसर पर पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने ध्वज लेकर शिव बारात यात्रा का शुभारंभ किया और श्रद्धालुओं के साथ भक्ति भाव से बारात में सम्मिलित हुए।
- Advertisement -
इसके साथ ही पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सुरक्षा विभाग बैरक बालको, बिही बाड़ी परसाभांठा, पुरानी बस्ती कोरबा (केन कॉलेज के पीछे स्थित शिव मंदिर) तथा दुरपा रोड स्थित काली मंदिर—में आयोजित भव्य शिव बारात यात्रा में शामिल होकर पूजन-अर्चन कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।

पूर्व मंत्री अग्रवाल ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि आस्था, संयम और सद्भाव का पर्व है, जो समाज को एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संदेश देता है।
कोरबा में निकली शिव बारात में भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती, नंदी एवं गणों की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। कई स्थानों पर प्रसाद वितरण और जलपान की व्यवस्था की गई।


