प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए सीमांकन की प्रक्रिया शुरू,निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्यवाही…..

Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा शहर के पावर हाउस रोड स्थित बाइपास मार्ग क्षेत्र में नगर पालिक निगम द्वारा प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर सीमांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। प्रस्तावित स्थल पर राजस्व विभाग और नगर निगम की टीम द्वारा भूमि की स्थिति एवं सीमाओं का परीक्षण किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा लगभग 5.52 एकड़ भूमि में मल्टी-लेवल कार पार्किंग, फूड मार्केट, चौपाटी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर विकसित करने का प्रस्ताव बताया गया है। इसी प्रस्तावित विकास क्षेत्र को लेकर राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में सीमांकन कार्यवाही शुरू की गई है।
सीमांकन प्रक्रिया के दौरान संबंधित भूमि की वास्तविक सीमाओं को मौके पर चिह्नित करने के साथ राजस्व अभिलेखों में दर्ज विवरण से उसका मिलान किया जा रहा है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य प्रस्तावित परियोजना के लिए चिन्हित भूमि की स्थिति और सीमा को स्पष्ट करना है, ताकि आगे की विकास प्रक्रिया निर्धारित क्षेत्र के अनुसार आगे बढ़ाई जा सके।

बताया जा रहा है कि सीमांकन की प्रक्रिया पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुरू की गई है। मौके पर तहसीलदार कोरबा के साथ राजस्व अमला और नगर निगम के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद हैं। टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक नाप-जोख और सीमांकन संबंधी कार्यवाही की जा रही है।

एक ही परिसर में कई सुविधाओं की योजना
नगर निगम की प्रस्तावित योजना के तहत इस क्षेत्र को शहर के एक विकसित सार्वजनिक परिसर के रूप में तैयार करने की योजना बताई गई है। इसमें वाहनों के लिए मल्टी-लेवल कार पार्किंग, लोगों के लिए फूड मार्केट एवं चौपाटी तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर विकसित किए जाने का प्रस्ताव शामिल है।
सीमांकन पूरा होने के बाद प्रस्तावित भूमि की सीमा और उपलब्ध क्षेत्रफल की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर नगर निगम द्वारा परियोजना से जुड़े आगामी कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

लेकिन अब सवाल उठ रहा है कि जहां निगम द्वारा सीमांकन कार्य किया जा रहा है । वहां कई बिल्डिंग भी बन चुके है ।उनका क्या होगा ।

Share This Article