घर से लापता 2 साल के मासूम का शव गोबर गैस चेंबर में मिला, इलाके में फैली सनसनी…….

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। सोमवार दोपहर से अचानक लापता हुए 2 साल के मासूम बालक का शव आज सुबह एक गोबर गैस चेंबर से बरामद किया गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

- Advertisement -

कल दोपहर से गायब था मासूम

जानकारी के अनुसार, बालक सोमवार दोपहर के वक्त खेलते-खेलते अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहाँ काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। रात भर की बेचैनी के बाद आज सुबह फिर से तलाश शुरू की गई।

गैस चेंबर में तैरता मिला शव
आज सुबह करीब 9:30 बजे, घर के पास ही स्थित गोबर गैस बनाने वाले चेंबर में किसी की नजर पड़ी, तो वहां मासूम का शव तैरता हुआ मिला। तत्काल ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय बच्चा अनजाने में चेंबर के खुले हिस्से की ओर चला गया होगा और उसमें गिर गया।

परिजनों में मचा कोहराम
जैसे ही बच्चे का शव बरामद हुआ, घर में चीख-पुकार मच गई। जिस मासूम की तलाश परिजन कल से कर रहे थे, उसकी इस तरह मौत की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।
.

Share this Article