NOW HINDUSTAN. Korba 08 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत कोरबा जिले में महिलाओं एवं युवतियों के लिए विशेष निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 8 मार्च रविवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड कोरबा में आयोजित होगा।
- Advertisement -
उक्त आयोजन लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, विश्व हिंदू परिषद तथा आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। शिविर में महिलाओं और युवतियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क हीमोग्लोबिन जांच, रक्तचाप जांच तथा रक्त शर्करा जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित ख्यातिलब्ध नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगी। उनके साथ डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा भी मरीजों को आयुर्वेद और योग के माध्यम से स्वास्थ्य परामर्श देंगे।
शिविर में महिलाओं एवं युवतियों के सामान्य, साध्य, कष्टसाध्य तथा असाध्य रोगों के संबंध में आयुर्वेदिक पद्धति से स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया जाएगा। इनमें कैंसर, मधुमेह, थायराइड, ब्लड प्रेशर, श्वास रोग, टीबी, लकवा, साइटिका, ऑस्टियोपोरोसिस, गठियावात, पथरी, पीलिया, माइग्रेन, डिप्रेशन, अनिद्रा, अम्लपित्त, बवासीर, भगंदर, गैस, दुर्बलता, स्त्री-पुरुष बांझपन, श्वेत प्रदर, रक्त प्रदर, हृदय रोग, चर्म रोग, सोरायसिस, एक्जिमा और शीतपित्त जैसे रोगों की जांच और उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा। शिविर के दौरान रोगियों का त्रिविध पद्धति से स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और उन्हें रोग नियंत्रण एवं उपचार के लिए आयुर्वेदिक परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही रोगियों को उनके स्वास्थ्य के अनुसार योगाभ्यास और प्राणायाम का व्यक्तिगत रूप से अभ्यास भी कराया जाएगा, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।
इसके अलावा शिविर में महिलाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया “ऊर्जा क्वाथ” निःशुल्क पिलाया जाएगा, जो उन्हें ऊर्जा प्रदान करने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होगा। शिविर में आने वाले लोगों को लाभकारी दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार और जीवनशैली के बारे में भी विस्तृत व्यक्तिगत परामर्श दिया जाएगा।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अंचलवासियों से अपील की है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर में पंजीयन कराने तथा अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर जांच के लिए निर्धारित समय प्राप्त किया जा सकता है, ताकि शिविरार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

