14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर की जा रही व्यापक तैयारी …………

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. Bihar News- न्यायालय परिसर में 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है।इस संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हर्षित सिंह तथा प्राधिकरण की सचिव रितु कुमारी के निर्देश के आलोक में विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

- Advertisement -

इसी क्रम में विधिक सेवक पंकज कुमार, अरविंद कुमार एवं गोविंद कुमार के संयुक्त नेतृत्व में राजापाकर प्रखंड के विभिन्न गाँवों में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। अभियान के तहत लोगों को बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से छोटे-छोटे मामलों का आपसी सहमति से त्वरित एवं सरल तरीके से निपटारा किया जा सकता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
इस अवसर पर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सुधी रंजन कुमार प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तथा जूली कुमारी, अंचलाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके बाद जागरूकता रथ विभिन्न गाँवों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व के बारे में जानकारी दे रहा है।
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कई प्रकार के सुलहनीय वादों का निस्तारण किया जाता है। इसमें बैंक से संबंधित मामले, एन.आई. एक्ट (चेक बाउंस) से संबंधित वाद, बिजली-पानी से जुड़े मामले, पारिवारिक विवाद, दुर्घटना दावा से संबंधित मामले आदि का आपसी सहमति से समाधान किया जा सकता है।
अंत में लोगों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लें और अपने लंबित मामलों का सरल, त्वरित एवं निःशुल्क निपटारा कराएं।

संवाददाता राजेन्द्र कुमार

Share this Article