NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा। बीती रात कोरबा के बरपारा कोहड़िया इलाके में एक मानवीय और सराहनीय घटना सामने आई। देर रात दो स्वान (कुत्ते) आपस में खेलते-खेलते अचानक एक गहरे गड्ढे में गिर गए। दरअसल उस स्थान पर घर के पास निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके कारण जमीन में गहरा गड्ढा खोदा गया था। अंधेरा होने के कारण स्वान उसे देख नहीं पाए और खेलते-खेलते उसमें जा गिरे।
- Advertisement -
सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर उस गड्ढे में पड़ी तो उन्होंने देखा कि दोनों स्वान अंदर फंसे हुए हैं और काफी घबराए हुए हैं। स्थिति को समझते हुए लोगों ने तुरंत RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही RCRS की टीम के सदस्य अजय, तिलक, अतुल और सतेंद्र मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गड्ढे में गिरने के कारण दोनों स्वान काफी घबराए हुए थे और डर के कारण थोड़ा आक्रामक व्यवहार भी कर रहे थे। इसके बावजूद टीम ने पूरी सावधानी, सूझ-बूझ और धैर्य के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
काफी प्रयास के बाद टीम ने सफलतापूर्वक दोनों स्वानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और RCRS टीम की तत्परता, मेहनत और मानवता भरे इस कार्य की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

