NOW HINDUSTAN korba. कोरबा. अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के आतिथ्य में नगर के राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न क्षेत्रो में उत्कृष्ट कार्य करने वालो महिलाओं को सम्मानित एवं बाल विवाह मुक्त पंचायतों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत, नगर निगम सभापती नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
- Advertisement -
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री देवांगन ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिससे महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व दोनों मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त महिलाएं ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं।
महिलाएं आज पहले से अधिक सशक्त और मजबूत हुई हैं तथा देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं। मंत्री देवांगन ने कहा राज्य में सरकार गठन के साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। कैबिनेट मंत्री देवांगन ने जिले में बाल विवाह रोकथाम के लिए शासन और प्रशासन द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक बनाकर ही इस कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी से महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का आग्रह किया।
महापौर राजपूत ने सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि देश में महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सरकार की विभिन्न योजनाएं महिलाओं को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान कर रही हैं। लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना तथा महतारी सदन निर्माण जैसी विभिन्न पहलों से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और संस्थागत रूप से सशक्त बनाने में मदद मिल रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते सभापति नूतन सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का सम्मान सर्वोपरि माना गया है। नारी को सदैव शक्ति, सृजन और संस्कार का प्रतीक माना गया है, इसलिए महिलाओं का सम्मान करना हमारी परंपरा और संस्कृक्ति की पहचान है।
नारी सम्मान और सशक्तिकरण से समाज का समग्र विकास : दुदावत
कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव उच्च स्थान दिया गया है। समाज के उत्थान और विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने बताया आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, राजनीति और अखिल भारतीय सेवाओं सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़कर सफलता हासिल कर रही है और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य
सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत् पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने जिले में बाल विवाह रोकथाम के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत कोरबा जिले के 297 ग्राम पंचायतों एवं 3 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया जा रहा है।

