NOW HINDUSTAN. Korba सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा परियोजना दीपका खदान में एक युवा श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु पश्चात क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
- Advertisement -
जानकारी के अनुसार आक्रोशित परिजनों के साथी वाहन चालकों ने निजी कंपनी के गेट पर चक्का जाम कर दिया, जिससे खदान का काम ठप्प हो गया है। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। गुस्साए लोगों ने कंपनी के मुख्य गेट पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान खदान का काम पूरी तरह प्रभावित हो गया है। परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना को दबाने के लिए कंपनी के कुछ कथित दलाल और बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं और परिवार पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया जा रहा है।
परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल सांत्वना नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की लिखित गारंटी चाहिए। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी दी जाए, हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए और खदान में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए। वहीं दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

