NOW HINDUSTAN. Bihar News-बीते कई दिनों से एलपीजी गैस की किल्लत से जूझ रहे उपभोक्ताओं अब राहत भरी खबर सामने आई है। लगातार हो रही परेशानी के बीच शुक्रवार को राजापाकर के ग्रामीण क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल देखने को मिली, जब दीपक एचपी गैस एजेंसी की गाड़ी सीधे उपभोक्ताओं के दरवाजे तक गैस सिलेंडर की डिलीवरी देने पहुंची।
- Advertisement -
गौरतलब है कि हाल के दिनों में गैस की भारी कमी के कारण सैकड़ों उपभोक्ताओं को घंटों तक एजेंसी गोदाम के बाहर लंबी कतार में खड़ा रहना पड़ रहा था। कई बार तो स्थिति ऐसी बन जाती थी कि सभी को सिलेंडर नहीं मिल पाता था और लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता था। इस अव्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश भी देखा गया था।
इसी समस्या के समाधान के रूप में एजेंसी द्वारा घर-घर गैस वितरण की व्यवस्था शुरू की गई है। गाड़ी के माध्यम से अलग-अलग मोहल्लों में पहुंचकर उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे भीड़ और अफरातफरी की स्थिति में कमी आई है।
दीपक एचपी गैस एजेंसी के संचालक दीपक कुमार ने बताया की अब एजेंसी में गैस की कोई कमी नहीं है तथा उपभोक्ताओं को अब एजेंसी या गोदाम पर आकर घंटों लाइन में भी लगने की भी जरूरत नहीं है। समय पूरा होने पर अपने मोबाइल से घर बैठे गैस की बुकिंग करे , गैस सिलेंडर की आपूर्ति उपभोक्ता के घर पर की जाएगी।वहीं स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि यह व्यवस्था नियमित रूप से जारी रहती है, तो उन्हें बड़ी राहत मिलेगी और अनावश्यक भीड़-भाड़ से भी बचाव होगा।
संवाददाता राजेन्द्र कुमार

