तालाब में नहाने गईं तीन बच्चियों की डूबने से मौत, नुनेरा में पसरा मातम…..

Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

स्कूल जाने के बजाय तालाब पहुंची थीं मासूम बच्चियां, गहरे पानी में जाने से हुआ दर्दनाक हादसा

NOW HINDUSTAN. कोरबा/पाली। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा है।
मिली जानकारी के अनुसार, नुनेरा गांव की एक ही बस्ती में रहने वाली 7 वर्षीय इंदु, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना शुक्रवार को स्कूल जाने के बजाय अलगू तालाब पहुंच गई थीं। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियां तालाब में नहाने के दौरान पानी के गहरे हिस्से में चली गईं और देखते ही देखते डूब गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तालाब में बच्चियों की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों के शव तालाब से बरामद कर लिए गए।
तीनों बच्चियों की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ तीन मासूमों की मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। हादसे के बाद गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। तालाब से तीनों बच्चियों के शव बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article