NOW HINDUSTAN. कोरबा। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के चिरई झुंझ झरने के पास शुक्रवार को एक ग्रामीण का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंबिकापुर जिले के दरिमा गांव निवासी रमेश अघारिया (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले अपनी बुआ के घर चिरईझुंझ गांव आया था और वहीं रह रहा था।

परिजनों के मुताबिक, रमेश गुरुवार शाम झरने में नहाने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह परिजन दोबारा झरने के पास पहुंचे, जहां रमेश के कपड़े दिखाई दिए। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान झरने से करीब 200 मीटर दूर रमेश का शव मिला। शव मिलने की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना लेमरू थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि झरने में नहाने के दौरान पानी में डूबने से रमेश की मौत हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारण का पता चल सकेगा।
लेमरू पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

