पसान थाने से फरार छेड़छाड़ का कथित आरोपी तीन दिन बाद गिरफ्तार * आधी रात घर की घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा……

Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN.  कोरबा जिले के पसान थाना परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए छेड़छाड़ के कथित आरोपी को पुलिस ने तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। वह पसान थाने से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार बीर चंद्र के खिलाफ छेड़छाड़ का पुराना मामला दर्ज है और उसके विरुद्ध स्थायी वारंट भी जारी किया गया था। पुलिस ने 22 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर थाने लाया था, जहां पूछताछ के दौरान वह शौचालय जाने का बहाना बनाकर पुलिस को चकमा देते हुए फरार हो गया।

थाने से फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वह दिन के समय जंगल में छिपा रहता है और रात के समय चोरी-छिपे अपने घर पहुंचता है। बताया गया कि वह रात करीब 11 बजे घर आता था और सुबह लगभग 3 बजे फिर जंगल की ओर चला जाता था। उसके घर पर उसकी पत्नी और बच्चे रहते हैं। पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और उसकी संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही थी।

इसी बीच पुलिस को मुखबिर सूचना मिली कि वह रात में अपने घर आने वाला है। सूचना मिलते ही पसान पुलिस ने आधी रात उसके घर की घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को भागने का मौका दिए बिना उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को थाने लेकर पहुंची और आगे की कार्यवाही शुरू की गई।

पसान थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने उसको पकड़ने के लिए लगातार तलाश और निगरानी अभियान चलाया था। तीन दिन तक जंगल में छिपने के बाद आखिरकार वह अपने घर पहुंचा, जहां पहले से तैनात पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Share This Article