कोरबा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, करीब 2 लाख रुपये के पटाखे जब्त, सिंधी मोहल्ला स्थित गोदाम में कोतवाली पुलिस की दबिश, आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई……

Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा। दीपावली से पहले अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कोरबा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से 18 कार्टून पटाखे बरामद किए हैं। मामले में आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस को सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री की सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस की टीम ने सिंधी मोहल्ला स्थित आरोपी के मकान के पास बने गोदाम में दबिश दी। तलाशी के दौरान बिक्री के उद्देश्य से रखे गए विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने लगभग 2 लाख रुपये कीमत के 18 कार्टून पटाखे जब्त किए।

इस मामले में पुलिस ने बलराम जज्ञासी (42 वर्ष), पिता रमेश कुमार, निवासी सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती, थाना कोतवाली, जिला कोरबा के विरुद्ध धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

Share This Article