महाराजा अग्रसेन जयंती पर बालको नगर अग्रवाल सभा ने किया भव्य सांस्कृतिक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह……..

Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

मेधावी बच्चों और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

NOW HINDUSTAN. Korba. बालको नगर। महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर बालको नगर अग्रवाल सभा द्वारा साईं मंगलम परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों और प्रतिभाओं के सम्मान ने आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों की आकर्षक फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं मनमोहक स्वागत नृत्य के साथ हुआ। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की कला, संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।

समारोह के दौरान अग्रवाल समाज के मेधावी बच्चों तथा पूर्व में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को अतिथियों के हाथों पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुनील जैन, विशिष्ट अतिथि सुमेर डालमिया एवं शिव अग्रवाल उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता बालको नगर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष हितानंद अग्रवाल ने की।
मुख्य अतिथि सुनील जैन ने अपने प्रेरक उद्बोधन में महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और अग्रवाल समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए उनके सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। वहीं, अध्यक्ष हितानंद अग्रवाल ने समाज की समृद्ध संस्कृति, मूल्यों एवं परंपराओं को संरक्षित रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संयुक्त मंच संचालन सभा के सचिव नीतीश डालमिया एवं कोषाध्यक्ष ऋषी अग्रवाल ने किया। समारोह को सफल बनाने में निधि अग्रवाल, पारुल अग्रवाल, ममता अग्रवाल एवं मीनाक्षी अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। आयोजन ने समाज में एकता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और बच्चों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

Share This Article