NOW HINDUSTAN. Korba. राहगीर से मोबाइल फोन और ₹500 नगद झपटकर फरार दो कथित आरोपियों को उरगा पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और ₹500 नगद बरामद किए हैं। दोनों कथित आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ट्रैलर से गेवरा से रायगढ़ जाने के लिए निकला था। दोपहर करीब 2 बजे कमरीचोली मेन रोड के आगे उसने अपना वाहन रोका और नीचे उतरा। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति उसके पास पहुंचे और खुद को माइनिंग में काम करने वाला बताया।
बातचीत के दौरान दोनों अचानक प्रार्थी की ओर बढ़े और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन तथा ₹500 नगद लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
उरगा चौक में मोबाइल बेचने के लिए तलाश रहे थे ग्राहक
उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) और 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
इसी दौरान मुखबिर सूचना मिली कि उरगा चौक में दो व्यक्ति मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उनको पकड़ लिया।
मोबाइल, नगदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
पुलिस पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनके मेमोरेण्डम कथन के आधार पर मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और ₹500 नगद बरामद किए गए।
पुलिस ने उनको विधिवत गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
