NOW HINDUSTAN | कोरबा। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कोरबा में एक ओर 500 से अधिक लोगों ने जागरूकता रैली निकालकर बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की, वहीं दूसरी ओर इसी दिन एक नाबालिग बालिका के विवाह का मामला सामने आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और विवाह रुकवा दिया।
27 नवंबर को बाल विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में 500 से अधिक लोगों ने शामिल होकर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संदेश दिया।
इसी बीच जिले में एक नाबालिग बालिका के विवाह की सूचना मिली। इस पर पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और विवाह की प्रक्रिया रुकवाई। टीम ने संबंधित लोगों को बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी दी तथा भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं होने की शपथ दिलाई।
एक ही दिन सामने आई ये दोनों तस्वीरें समाज के सामने बड़ी चुनौती पेश करती हैं। जागरूकता रैली और प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद बाल विवाह के मामले सामने आना बताता है कि इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। बाल विवाह मुक्त कोरबा का लक्ष्य हासिल करने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी और निरंतर जागरूकता जरूरी है।
