अस्पतालों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चिकित्सा कारोबारियों और चिकित्सकों की बैठक हुई आहूत……

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा अंचल में 25 अगस्त को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में विभिन्न चिकित्सा व्यवसायियों और चिकित्सकों की बैठक आहूत हुई। बैठक में शासकीय/अशासकीय चिकित्सालय में कैजुअल्टी सहित सभी ऐसे स्थानों पर जहां मरीज के परिजनों तथा जन सामान्य की आम आवाजाही रहती है, वहां गुणवत्तापूर्ण सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी एवं आवश्यकता के अनुरूप निजी सुरक्षा कर्मी रखते हुए आकस्मिक स्थितियों से निपटने के उद्देश्य से अग्नि शमन यंत्र रखने पर चर्चा की गई। साथ ही विषम परिस्थितियों में स्थानीय थाना, चौकी संबंधित नगर पुलिस अधीक्षक, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष व डायल 112 के नंबर पुलिस सहायता लिए जाने के संबंध में जानकारी दी गई।

- Advertisement -

इस अवसर पर चिकित्सकों की ओर से यह सुझाव आया की समय-समय पर स्थानीय पुलिस पार्टी द्वारा चिकित्सालय में पेट्रोलिंग किए जाने की आवश्यकता है, जिस पर सहमति बनी। स्थानीय पुलिस पेट्रोलिंग द्वारा अस्पतालों में समय-समय पर भ्रमण किया जाएगा। बैठक में मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा, साहू अस्पताल कोरबा, कृष्णा अस्पताल, श्वेता नर्सिंग, डी.के. अस्पताल कोरबा, बालको अस्पताल, एनटीपीसी अस्पताल, सीएसईबी अस्पताल, के साथ ही गेवरा क्षेत्र सहित तमाम क्षेत्र के चिकित्सालय के चिकित्सक उपस्थित थे।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा यू.बी.एस. चौहान, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री रविंद्र मीणा, नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा भूषण एक्का के द्वारा सुरक्षा बरते जाने के संबंध में आवश्यक चर्चा करते हुए चिकित्सा सेवक तथा चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा तथा संपत्ति की क्षति या हानि की रोकथाम) अधिनियम 2010 के उपबंधों के संबंध में भी चिकित्सकों को अवगत कराया गया।

Share this Article