NOW HINDUSTAN. Korba. स्वर्गीय प्यारेलाल कंवर शासकीय महाविद्यालय, भैसमा में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय प्रांगण में किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प और सपने को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती साधना खरे की अध्यक्षता में किया गया। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. श्रीमती अर्चना दीवान, डॉ. श्रीमती श्वेता शुक्ला एवं सहायक प्राध्यापक राजू सिंह कंवर द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डॉ. श्रीमती श्वेता शुक्ला ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से विकसित भारत की कल्पना को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है और आने वाली पीढ़ी के लिए एक विकसित एवं सशक्त भारत का निर्माण करना हमारा सामूहिक संकल्प होना चाहिए।
रंगोली प्रतियोगिता में निर्णायक समिति के रूप में सहायक प्राध्यापक पी.के. लहरे, जितेंद्र कुमार कंवर, डॉ. श्रीमती अनुराधा तिर्की एवं दीपेश कुमार का विशेष सहयोग रहा।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ देश के विकास, सेवा और विकसित भारत के संकल्प के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।

