अंचल के स्टेडियम रोड पर फैली चहुओर गंदगी , भयभीत हैं क्षेत्र के लोग…..

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

NOW HINDUSTAN.  कोरबा अंचल के इंदिरा स्टेडियम से सीएसईबी चौक को जाने वाले रास्ते पर वाहनों के जाम और अवैध दखल का मसला नहीं सुलझ सका है। वर्तमान परिवेश में बीमारियों के प्रकोप के बीच बड़े हिस्से में कीचड़ और जल जमाव से समस्याएं बढ़ गयी हैं। व्यवसायी और आसपास के लोग संभावित खतरे से डरे हुए हैं। इन सबके बीच मुश्किलों से आवाजाही हो रही है।

- Advertisement -

औद्योगिक नगर कोरबा में कई प्रकार की समस्याएं कारोबारियों के साथ-साथ आम लोगों को परेशान कर रही है। आवाजाही में भी समस्या पेश आ रही है। नगर पालिक निगम ने बीते वर्षों में करोड़ों रुपए खर्च कर मुख्य स्टेडियम से सीएसईबी चौराहा को जाने वाले मार्ग का निर्माण कराया। इसकी चौड़ाई बढ़ाई ताकि वाहनों की आवाजाही सहूलियत के साथ हो सके और कई प्रकार की परेशानियों को दूर किया जा सके।

परन्तु फिर भी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में आने वाले इस मार्ग की बदहाली काफी समय से बनी हुई है। वजह यह है कि स्टेडियम तिराहा से 15 ब्लॉक दुर्गा मंदिर बाइफरकेशन तक का आधा हिस्सा भारी वाहनों ने एक प्रकार से अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रांसपोर्टर्स ने ब्रेकडाउन गाडिय़ों के लिए एक तरह से इस हिस्से को यार्ड बना रखा है जिससे परेशानियां बढ़ी हुई है। इस इलाके में कीचड़ के साथ ही बड़ी मात्रा में उपयोग के बाद फेंके गए डिस्पोजल और अन्य सामानों से भी कई प्रकार की दिक्कत खड़ी हो गई है। चाहकर भी यह सब मौके से नहीं हटाया जा सक रहा है। आसपास के व्यवसायियों ने बताया कि मलेरिया और डेंगू के प्रकोप से शहर के दूसरे हिस्से त्रस्त हैं। मौजूदा स्थिति में हमारे सामने चुनौतियां हैं लेकिन मजबूरी के सामने सबकुछ बर्दाश्त करना पड़ रहा है।

निगम के द्वारा इसी मार्ग पर बनाया गया व्यवसायिक काम्प्लेक्स संरक्षण की कमी से जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। रिसाव के साथ टूट-फूट की समस्या के कारण व्यवसायी वर्ग काफी दिक्कत में है। उन्होंने अपने स्तर पर थोड़ा बहुत सुधार कराया ताकि कार्य चलता रहे लेकिन समय के साथ खर्चे बढ़ गए हैं। बताया कि उन्होंने यहां की दुर्दशा के बारे में नगर निगम के अधिकारियों को कई मौकों पर अवगत कराया और इसकी वास्तविकता से रूबरू कराया। आश्वासन मिला था कि बहुत जल्द सब कुछ ठीक हो जाएगा लेकिन नतीजे अभी भी यथावत हैं।

जोन प्रभारी अखिलेश शुक्ला ने बताया की इस रास्ते पर समस्या हल करने के लिए 1.28 करोड़ की लागत से स्ट्रीट लाइट सहित डिवाइडर लगाए जाने हैं। इसका टेंडर हो गया है। जल्द ही कार्यादेश के साथ क्रियान्वयन प्रारंभ होगा।

Share this Article