सड़क पर खून से लथपथ वाहन चालक की मिली लाश….

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba.  मुख्य सड़क पर एक वाहन चालक की खून से लथपथ लाश मिली हैं। परिचित और परिजन इस घटना में हत्या करने का संदेह जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस के नजरिए से मामला प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है।
करतला थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया की निर्माणाधीन भारत माला परियोजना सड़क में राखड़ डंपिंग का कार्य हो रहा है। इस कार्य में एक निजी कंपनी कोरबा की वाहन भी लगी हुई है। कंपनी के एक वाहन चालक जगदीश प्रसाद वर्मा निवासी पिपरी जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश भी राखड़ लेकर धनरास डेम से निकला और भारतमाला साइट पर जा रहा था। करतला थाना क्षेत्र के ग्राम चचिया मुख्य मार्ग के पास भारी वाहनों को पुलिस द्वारा रोका गया क्योंकि करतला, नोनबिर्रा, भैसमा में दशहरा के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था और भीड़ के मद्देनजर भारी वाहनों को रोका गया था।

- Advertisement -

इसके बाद सुबह मिली सूचना उपरांत मौके पर पुलिस पहुंची तो आसपास चखना, रेपर पड़ा मिला जिससे माना जा रहा है कि देर रात वाहन चालकों के द्वारा मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन किया गया होगा। इस बीच यहां से निकलते वक्त किसी ट्रक या भारी वाहन के चालक ने जगदीश प्रसाद को चपेट में ले लिया होगा। हालांकि अब तक दुर्घटना होते देखने वाली कोई बात अभी तक सामने नहीं आई है। पुलिस ने पंचनामा बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए करतला के सरकारी अस्पताल भिजवाया। मृतक की शिनाख्त बाद सूचना नियोक्ता व परिजन को दी गई। परिजन व परिचित लोग इस पर हत्या का संदेह जता रहे हैं, वही पुलिस द्वारा शरीर के चोट को देखकर वाहन की चपेट में आने का अंदेशा प्रथम दृष्टया लगाया जा रहा है,परंतु पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी और जांच को आगे बढ़ाया जा सकेगा। मृतक के परिजन करतला पहुंच रहे हैं। उनके पहुंचने पश्चात शव को वैधानिक कार्यवाही उपरांत उनके सुपुर्द किया जाएगा।

Share this Article