ग्राम पोड़ी-उपरोड़ा अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर पडी जानलेवा दरार, घटित दुर्घटनाओं की बन रही बड़ी वजह…..

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
4 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा जिलान्तर्गत ग्राम पोड़ी-उपरोड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 130 B में पोड़ी-उपरोड़ा के पास सड़क पर दरार की उपस्थिति होने के कारण हादसे घटित हो रहे है। दुपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ ऐसी घटनाएं लगातार घटित हो रही है। वही दरार का दायरा बढ़ने से कई प्रकार की आशंकाएं भी निर्मित हो रही है। सड़क ठीक करने की जरूरत जन सामान्य महसूस कर रहा है।

- Advertisement -

कोरबा जिले के ग्राम पोड़ी-उपरोड़ा के पोस्टमार्टम हाउस के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़क पर मोटी दरार की उपस्थिति कुछ दिनों पहले नजर आई थी, जो समय के साथ और बढ़ गई है। इस रास्ते से आवा-जाही करने वाले यात्रियों ने बताया कि लगभग 10 से 12 इंच की लंबाई में इस प्रकार का फाल्ट राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़क पर होना चिंता का विषय है। यहां से आवागमन करने के दौरान छोटे वाहन के पहिए इसके संपर्क में आने के साथ या तो असंतुलित हो जाते हैं या फिर मौके पर हादसा घटित हो जाता है। घटनाएं उन्हीं मामलों में हो रही है जिन वाहनों के चालकों को इस सड़क पर विसंगति की जानकारी नहीं है।

बताया गया हैं कि समय के साथ दरार का दायरा बढ़ रहा है और सड़क पर दबाव बढ़ने के साथ स्थिति और ज्यादा चिंताजनक होती जा रही है। जिस तरह से राजमार्ग पर इस प्रकार की समस्या बनी हुई है उसके कारण किसी बड़ी अनहोनी का डर बना हुआ है। तकनीकी जानकारी रखने वाले बताते हैं कि इस पॉइंट पर पैच वर्क कम ही टिकाऊ साबित होगा। इसलिए हाईवे पर खतरों की मौजूदगी का निरीक्षण करने के साथ उनके स्थाई समाधान को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित अधिकारियों को ध्यान देने के साथ-साथ जल्द से जल्द समुचित सामयिक कार्यवाही करने की जरूरत है, ताकि संभावित घटनाओं को टाला जा सके। एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर डी.डी. पारलावार ने बताया कि ग्राम पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र में राजमार्ग का संबंधित हिस्सा राष्ट्रीय राजमार्ग के लोक निर्माण विभाग (सड़क) के अधिकार क्षेत्र में है।

 टोल टेक्स वसूल रहा एनएचएआई पर सुधार कराने तैयार नहीं
भारत सरकार ने कोरबा को आकांक्षी जिले में शामिल किया है और इसे अलग पहचान देने की मानसिकता बनाई है। सड़क संपर्क मार्ग भी इस कड़ी में शामिल है। जिले से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-130 B की सड़क पर क्या समस्याएं हैं, इसे लेकर अधिकारी कुंभकर्णी नींद में हैं और जनता परेशान हो रही है। ग्राम पोड़ी-उपरोड़ा से संबंधित समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त समस्या की मूल जड़ पूरे मामले में पेंच फंसा होना है। इस रास्ते पर वाहनों से टोल टैक्स वसूलने का काम एनएचएआई कर रहा है। नोटिफिकेशन भी इस सड़क के मामले में एनएचएआई के नाम पर हो चुका है। जिस इकाई के पास फिलहाल यह सड़क है वह अपनी ओर से कई बार कह चुका है कि एनएचएआई सड़क को अपने अधिकार में ले लेकिन इस बारे में रूचि नहीं ली जा रही है। जानकारी मिली कि हाइवे पर सड़क पर दरार आने और क्रश बेरियर के क्षतिग्रस्त होने को लेकर आगे काम किया जाना है। इसके लिए टेंडर कॉल करना है लेकिन एनएचएआई दिलचस्पी नहीं ले रहा है। इसलिए काम अटके हुए हैं।

Share this Article