होगा सैकड़ों हेडमास्टरों के डिमोशन का विरोध, विद्यालय शिक्षक कर्मचारी संघ की प्रांतीय बैठक में उठे स्वर……

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba. रायपुर। रविवार को स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के कार्यालय में छत्तीसगढ़ विद्यालय शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष संजय तिवारी की अध्यक्षता में प्रांतीय बैठक हुई। जिसमें शामिल संघ पदाधिकारियों ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के कारण सैकड़ों हेडमास्टरों का डिमोशन होने जा रहा है। युक्तियुक्तकरण की वजह से शिक्षक भी डिमोशन का कहर झेलने विवश कर दिए गए हैं। प्रांतीय सचिव रोहित साहू ने कहा कि पूर्व में रमन सिंह सरकार ने व्याख्याता शिक्षाकर्मियों की परीक्षा लेकर उन्हें प्राथमिक शालाओं का प्रधान पाठक बनाया था। अब राज्य सरकार की युक्तियुक्तकरण नीति से ये सहायक शिक्षक बनने को मजबूर हैं। मसलन मृदुला शुक्ला व्याख्याता शिक्षाकर्मी अंग्रेजी थीं, उनकी परीक्षा लेकर उन्हें हेडमास्टर प्राथमिक बनाया गया तथा अब वे संजयनगर प्राथमिक विद्यालय के हायर सेकेंडरी स्कूल में युक्तियुक्तकरण के बाद सहायक शिक्षक अर्थात् तीन पदक्रम पीछे हो गईं। प्रदेश में इस तरह के 78 व्याख्याता हैं। इसी तरह लगभग 3850 प्रधान पाठक प्राथमिक स्कूलों के मिडिल स्कूलों में युक्तियुक्तकृत या मर्ज होने के बाद सहायक शिक्षक बन रहे हैं। वहीं लगभग 350 से अधिक माध्यमिक विद्यालय के प्रधान पाठक भी शिक्षक पद पर डिमोट हो रहे हैं।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि इससे शिक्षकों में आक्रोश है। वरिष्ठ जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न यादव ने बताया कि अकेले बलौदाबाजार में 74 प्रधान पाठक डिमोशन के शिकार हो रहे हैं। प्रांताध्यक्ष संजय तिवारी ने राज्य शासन से ऐसे सभी शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता के अनुसार माध्यमिक विद्यालय प्रधानपाठक एवं व्याख्याता पदों पर अनिवार्य पदोन्नति देने की मांग उठाई। बैठक में इस मुद्दे पर जुलाई में संचालक कार्यालय का घेराव करने की तैयारी पर भी चर्चा की गई। बैठक में संगठन मंत्री जावेद कुरैशी, डोमार सिन्हा, प्रवीण साहू, गिरीश वर्मा, नंदकुमार सिन्हा, धनेश वर्मा, नरेंद्र वर्मा, डी.एस. ध्रुव, प्रकाश साहू, पंकज दुबे, भरत तंबोली आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share this Article