NOW HINDUSTAN. Korba. छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के राज्योत्सव 2025 में इस बार जिला पुरातत्व संग्रहालय कोरबा ने पहली बार भागीदारी दर्ज की है। संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग कोरबा की ओर से यह पहल सभापति नूतन सिंह ठाकुर की विशेष प्रेरणा पर की गई। संग्रहालय में पहले से ही प्राचीन मूर्तियां और पुरातात्विक धरोहरें प्रदर्शित हैं, लेकिन इस वर्ष एक नया प्रयोग करते हुए चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसे शहरवासियों ने खूब सराहा।
- Advertisement -
जिलाधीश अजित वसंत ने इस प्रदर्शनी की अनुमति प्रदान की थी। इसमें लगभग 400 चित्रों का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रदर्शनी का अवलोकन करने श्रम, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद से प्रभावित होकर सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कलाकारों से राज्योत्सव स्थल पर भी इसी तरह की प्रदर्शनी लगाने का आग्रह किया, जिसे कोरबा के प्रसिद्ध कलाकारों ने नि:शुल्क आयोजित करने का निर्णय लिया। राज्योत्सव में आयोजित तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी ने पहले ही दिन हजारों दर्शकों को आकर्षित किया। लोगों ने कलाकारों की प्रतिभा और उनकी कलाकृतियों की सराहना की।
इस प्रदर्शनी में कोरबा जिले के प्रतिष्ठित कलाकार कमल मजूमदार, हरि सिंह क्षत्री, विवेक अग्रवाल, सुभाष दास, आकांक्षा भिड़े, अंजलि प्रधान सहित कई नवोदित कलाकारों की कृतियां प्रदर्शित की गई हैं। राज्योत्सव के इस अवसर पर कला और संस्कृति का यह अनूठा संगम कोरबा की रचनात्मकता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बन गया है।