NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा। गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” चलाया। पिछले 10 दिनों में पुलिस ने वारंटियों, अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 407 लोगों पर कार्रवाई की है।
अभियान के तहत पुलिस ने 123 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। लंबे समय से फरार वारंटियों की तलाश कर विशेष टीमों ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। वहीं पुराने मामलों में लंबित 22 स्थायी वारंट भी तामील किए गए। पुलिस के मुताबिक इनमें वर्ष 2014 से लंबित वारंट भी शामिल हैं।
इसके अलावा शरीर संबंधी और महिला संबंधी अपराधों में लंबित मामलों के 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गणेश उत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए 72 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण करना है। पुलिस की ओर से आगामी विसर्जन कार्यक्रम को लेकर भी लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
ऑपरेशन आघात में कार्रवाई का विवरण:
123 गिरफ्तारी वारंट तामील
22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार
190 लंबित अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी
72 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कुल 407 के खिलाफ कार्रवाई
कोरबा पुलिस ने अभियान को लेकर संदेश दिया है— “अपराधियों पर आघात, आमजन के साथ विश्वास।”

