सिटी कोतवाली को मिला नया थाना भवन, ई-मालखाने से जब्त माल का डिजिटल रिकॉर्ड होगा व्यवस्थित…….

Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा। थाना सिटी कोतवाली परिसर में नवीन थाना भवन का लोकार्पण और ई-मालखाना का उद्घाटन गरिमामय समारोह में किया गया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े और नवीन थाना भवन का लोकार्पण किया।

सिटी कोतवाली का पुराना थाना भवन वर्ष 1995 में निर्मित हुआ था। करीब 31 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद पुलिसिंग की बढ़ती जरूरतों और पुराने भवन की संरचना को देखते हुए नए भवन का निर्माण कराया गया है। नवीन भवन का निर्माण छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के सहयोग से किया गया है। इसमें आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराया गया है।

लोकार्पण के दौरान उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नए थाना भवन और ई-मालखाना से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। वहीं तकनीक आधारित व्यवस्था से पुलिसिंग में सुविधा और पारदर्शिता बढ़ेगी। आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि आधुनिक अधोसंरचना और ई-मालखाना जैसी तकनीकी व्यवस्थाएं पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मददगार होंगी।

ई-मालखाने से पुराने मामलों का माल ढूंढना होगा आसान
सिटी कोतवाली में ई-मालखाने को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। विभिन्न प्रकरणों में जब्त माल-मशरूका का कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया है। मालखाने में रखे सामान को क्रमबद्ध करते हुए आवश्यक मार्किंग और पहचान सुनिश्चित की गई है।

इस व्यवस्था से पुराने प्रकरणों में जब्त सामान को जरूरत के समय आसानी से तलाश किया जा सकेगा। साथ ही जब्त माल के सुरक्षित संधारण, रिकॉर्ड प्रबंधन और पारदर्शिता में सुधार होगा। विवेचना तथा न्यायालयीन कार्रवाई के दौरान भी संबंधित माल उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय,निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कोरबा प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान समेत पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सिटी कोतवाली का स्टाफ मौजूद रहा।

Share This Article