शिक्षा रथ में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन ने बढ़ाया सहयोग का हाथ, जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपी स्टेशनरी सामग्री, पत्रकारों ने जनभागीदारी का दिया संदेश…….

Rajesh Kumar Mishra
4 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा। जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान–सेवा मेरा योगदान’ के तहत शिक्षा विभाग द्वारा शुरू किए गए ‘शिक्षा रथ’ अभियान में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन ने सक्रिय सहभागिता निभाई। यूनियन की ओर से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए स्टेशनरी एवं शैक्षणिक सामग्री का सहयोग करते हुए इसे जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर प्रसाद उपाध्याय को सौंपा गया।

24 सितंबर को सरस्वती शिशु मंदिर, सीतामणी से शिक्षा रथ अभियान का शुभारंभ किया गया। नगर पालिका निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद नरेन्द्र देवांगन एवं जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर प्रसाद उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर शिक्षा रथ को रवाना किया। शिक्षा रथ के माध्यम से जिले के पांचों ब्लॉक में नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए कॉपी, पेन, पुस्तक, ड्राइंग सामग्री सहित अन्य उपयोगी शैक्षणिक सामग्री एकत्रित की जा रही है।

कलेक्ट्रेट परिसर में यूनियन ने सौंपी स्टेशनरी सामग्री
अभियान के दौरान छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन, जिला कोरबा की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर में जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर प्रसाद उपाध्याय को स्टेशनरी सामग्री सौंपी गई। यूनियन ने इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग देने के साथ ही समाज के अन्य वर्गों को भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सहभागिता के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के जिला अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह राजपूत, राजेश कुमार मिश्रा, आशा ठाकुर, संतोष सारथी, संगम दुबे, मुकेश चौहान सहित पत्रकार मौजूद रहे।
पत्रकारिता के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सहभागिता
छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन की इस सहभागिता को शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान के रूप में देखा गया।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे के भविष्य की बुनियाद है। आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए समाज के सक्षम लोगों और संगठनों को अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करना चाहिए।

सीतामणी से शुरू होकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचा शिक्षा रथ
शिक्षा रथ के माध्यमिक शाला सीतामणी पहुंचने पर शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए कॉपी, पेन, पुस्तक सहित अन्य सामग्री का सहयोग किया। इसके बाद शिक्षा रथ बुधवारी बाजार, निहारिका मार्ग, लालघाट सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचा।
अभियान के दौरान नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने भी पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में कॉपी, पेन सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का दान किया। उन्होंने लोगों से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए आगे आकर सहयोग करने की अपील की।

पांचों ब्लॉक में जुटाई जा रही सामग्री
‘सेवा संकल्प अभियान–सेवा मेरा योगदान’ के तहत शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा रथ को जिले के पांचों ब्लॉक में ले जाकर जनसहयोग से शैक्षणिक सामग्री एकत्रित करने की योजना है। एकत्रित सामग्री को जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार कॉपी, पेन, पुस्तक, ड्राइंग सामग्री तथा विद्यार्थियों के लिए उपयोगी अन्य अध्ययन सामग्री का सहयोग करें। अभियान का उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना और शिक्षा के प्रति सहयोग की भावना को मजबूत करना है।

Share This Article