NOW HINDUSTAN. कोरबा। समाज की समस्याओं के नए और प्रभावी समाधान तलाशने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता सेवा संकल्प अभियान के तहत जोन एवं जिला स्तर पर आयोजित होगी। प्रतियोगिता में छात्रों के साथ रिसर्चर, स्टार्टअप, एमएसएमई, व्यक्तिगत इनोवेटर और सोशल एंटरप्राइज भी भाग ले सकेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से नेहरू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को प्रतियोगिता की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जागेश लांबा, निगम सभापति नूतन ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, नरेंद्र देवांगन सहित निगम पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों से समाज और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नए आइडिया आमंत्रित किए गए हैं। प्रतियोगिता के लिए 10 प्रमुख विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें कृषि, कानून एवं व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास, नगरीय विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, रक्षा, सतत विकास, अधोसंरचना एवं परिवहन, उभरती तकनीकी तथा शिक्षा एवं रोजगारपरकता शामिल हैं।
इस पहल के तहत महाराष्ट्र जोन में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा तथा दमन एवं दीव को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता में चयनित नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए कुल 5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। वहीं जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 1 लाख रुपये, द्वितीय को 75 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नवाचार के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन से लेकर 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम किया जा रहा है।इसी कड़ी में नए आडिया सामने आएंगे ।
कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कार्यक्रम को लेकर जानकारी दी उन्होंने कहा कि जोन स्तर पर पांच करोड़ रुपये और जिला स्तर पर एक लाख रुपये से अधिक के इनाम घोषित किया गया है। 17 अक्टूबर तक प्रतिभागी अपना जानकारी दे सकते हैं।
जिला प्रशासन ने छात्रों एवं युवाओं से इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। प्रतियोगिता के लिए आवेदन korba.gov.in के माध्यम से किया जा सकता है। प्रशासन का उद्देश्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं की रचनात्मक सोच और तकनीकी नवाचार को मंच प्रदान करना है।

