कोरबा में मोन्ट्रा इलेक्ट्रिक ऑटो की एजेंसी बंद होने से उपभोक्ता परेशान, कलेक्टर से शिकायत, से शिकायत 100 से अधिक वाहन मालिकों ने एजेंसी व सर्विस सेंटर जारी रखने की मांग की…..

Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा। जिले में मोन्ट्रा इलेक्ट्रिक सुपर ऑटो की एजेंसी और सर्विस सेंटर बंद किए जाने की सूचना से वाहन उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है। वाहन मालिकों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करते हुए अधिकृत सर्विस सुविधा जारी रखने की मांग की है।
उपभोक्ताओं के अनुसार, कोरबा के टीपी नगर में टाटा शोरूम के पीछे प्लॉट नंबर 427 स्थित रॉयल मोटर मोन्ट्रा एजेंसी से जिले के 100 से अधिक लोगों ने इलेक्ट्रिक सुपर ऑटो खरीदे हैं। अब संबंधित कंपनी द्वारा कोरबा की एजेंसी/डीलरशिप और सर्विस सेंटर बंद करने की तैयारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

 

वाहन मालिकों का कहना है कि इलेक्ट्रिक ऑटो में समय-समय पर सर्विसिंग, बैटरी की जांच, तकनीकी खराबी, स्पेयर पार्ट्स तथा वारंटी-गारंटी से जुड़े कार्यों की आवश्यकता होती है। स्थानीय सर्विस सेंटर बंद होने की स्थिति में वाहन मालिकों को मरम्मत और सर्विस के लिए दूसरे जिले में जाना पड़ेगा। इससे अतिरिक्त खर्च, समय की बर्बादी और परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

आवेदन में कहा गया है कि वाहन खरीदते समय कंपनी के अधिकृत डीलर द्वारा सर्विस और वारंटी-गारंटी सुविधाओं का भरोसा दिलाया गया था। ऐसे में एजेंसी बंद होने पर बैटरी, मोटर, कंट्रोलर, चार्जर सहित अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान को लेकर उपभोक्ताओं में चिंता है।

 

उपभोक्ताओं ने कलेक्टर से संबंधित डीलर को बुलाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने तथा सर्विस सेंटर और आवश्यक सुविधाएं जारी रखने के लिए उचित निर्देश देने की मांग की है। साथ ही यदि कंपनी कोरबा में एजेंसी बंद करती है तो वैकल्पिक अधिकृत सर्विस व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, कोतवाली थाना, जिला परिवहन अधिकारी तथा मोन्ट्रा इलेक्ट्रिक के मुख्य सेवा प्रबंधक को भी भेजी गई है। आवेदन के साथ वाहन की आरसी बुक की छायाप्रति संलग्न की गई है। आवेदन 29 सितंबर 2026 को इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों एवं मालिकों की ओर से दिया गया है।

Share This Article