Korba Breaking- न्यू दिल्ली स्वीट्स में बाथरूम में बर्तन धोने का वीडियो सही मिला, दुकान पर बिक्री रोकने के साथ लाइसेंस सस्पेंड..देखें वीडियो…
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, हाइजीन व्यवस्था सुधारने तक बंद रहेगा क्रय-विक्रय..
NOW HINDUSTAN. Korba. निहारिका क्षेत्र स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में मिठाई और पकवान तैयार करने में उपयोग होने वाले बर्तनों को बाथरूम में धोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवालों का खाद्य विभाग ने संज्ञान लिया। वीडियो सामने आने के बाद विभाग की टीम ने सोमवार को प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता सही पाई गई।जांच में हाइजीन व्यवस्था में सुधार की जरूरत पाए जाने पर संबंधित फर्म को हाइजीन व्यवस्था दुरुस्त करने और आवश्यक सुधार कार्य करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार, जब तक प्रतिष्ठान में निर्धारित स्वच्छता एवं हाइजीन व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता, तब तक वहां क्रय-विक्रय बंद रहेगा और खाद्य लाइसेंस सस्पेंड रहेगा। बताया गया कि न्यू दिल्ली स्वीट्स पहुंचे एक ग्राहक ने बर्तनों की सफाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच की। विभागीय कार्रवाई के बाद अब प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा। इधर, दर्री रोड स्थित प्रेम जनरल स्टोर के खिलाफ मिली शिकायत के आधार पर भी खाद्य विभाग ने कार्रवाई की। टीम ने प्रतिष्ठान से चायपत्ती का सैंपल जांच के लिए लिया है। सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबर का असर: सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद हुई विभागीय जांच में वीडियो की सत्यता सही पाए जाने और प्रतिष्ठान पर क्रय-विक्रय रोकने की कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निगरानी का संदेश गया है।

