ब्रह्मा फेस्टिवल में कोरबा की हरी प्रत्यक्षा और नम्रता का शानदार प्रदर्शन कथक नृत्य में “सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन” पुरस्कार से हुईं सम्मानित, कोरबा और छत्तीसगढ़ का बढ़ाया गौरव……

Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा। ओडिशा के पुरी में 3 अक्टूबर 2026 को आयोजित ब्रह्मा फेस्टिवल में कोरबा की कथक कलाकार हरी प्रत्यक्षा निर्मलकर और नम्रता बरेठ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए “सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन” पुरस्कार प्राप्त किया। दोनों कलाकारों की इस उपलब्धि से कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

हरी प्रत्यक्षा निर्मलकर ने फेस्टिवल में कथक की मनमोहक प्रस्तुति दी। वह मात्र तीन वर्ष की उम्र से कथक का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके पिता राम साय निर्मलकर एवं माता श्रीमती केवरा आर. निर्मलकर हैं, जो उनकी कथक गुरु भी हैं। हरी प्रत्यक्षा ने इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर कई पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त किए हैं। वह न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, कोरबा में कक्षा पांचवीं की छात्रा हैं।

वहीं नम्रता बरेठ सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल, कोरबा में डांस टीचर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने ब्रह्मा फेस्टिवल की ओपन कैटेगरी में कथक की प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए “सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन” का पुरस्कार प्राप्त किया। नम्रता बरेठ के कथक गुरु श्री मोरध्वज वैष्णव हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक नृत्य प्रस्तुतियां देकर विभिन्न पुरस्कार और सम्मान हासिल किए हैं।
दोनों कलाकारों की इस उपलब्धि पर कला प्रेमियों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता ने कोरबा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को भी गौरवान्वित किया है।

Share This Article