नियमितीकरण समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर तकनीकी सहायक कर्मचारियों ने किया धरना प्रदर्शन …..

Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

13 और 14 अक्टूबर को जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन, 15 अक्टूबर को रायपुर में प्रदेशव्यापी रैली निकालकर सौंपेंगे ज्ञापन

NOW HINDUSTAN. कोरबा। छत्तीसगढ़ तकनीकी सहायक कर्मचारी संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 13 तरीख से हड़ताल पर चले गए है। संघ की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 13 और 14 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, 15 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में प्रदेश स्तरीय हड़ताल और रैली निकालकर शासन के समक्ष अपनी मांगें रखी जाएंगी।

संघ ने इस संबंध में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सूचना पत्र सौंपा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि मनरेगा एवं विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत कार्यरत तकनीकी सहायकों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं। संघ ने संबंधित अधिकारियों और शासन स्तर पर पहले भी ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण की अपील की थी।
नियमितीकरण और पदनाम परिवर्तन की प्रमुख मांग

ओपन थियेटर  के पास धरने पर बैठे छत्तीसगढ़ तकनीकी सहायक कर्मचारी संघ की प्रमुख मांग है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत विकसित भारत जी राम जी योजना में कार्यरत सभी तकनीकी सहायकों के लिए नियमित पद सृजित कर उनका समायोजन किया जाए। संघ का कहना है कि नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक तकनीकी सहायकों के लिए पंचायत विभाग में कार्यरत ग्राम पंचायत सचिवों की तर्ज पर स्थायीकरण नियमावली तत्काल लागू की जाए।
इसके अलावा, तकनीकी सहायक पद का नाम बदलकर कनिष्ठ अभियंता (VB-G RAM G) किए जाने की मांग भी की गई है। संघ ने इन प्रमुख मांगों के साथ पत्र में अन्य चार समस्याओं के निराकरण की मांग का भी उल्लेख किया है।

शासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील

संघ ने शासन से मांगों पर शीघ्र घोषणा कर नीतिगत निर्णय लेने की अपील की है। मांगों का निराकरण नहीं होने की स्थिति में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है। अब कर्मचारियों के इस आंदोलन पर शासन और संबंधित विभाग के रुख पर नजर रहेगी।

Share This Article